गुजरात कांग्रेस पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अर्जुन मोढवाडिया ने थामा भाजपा का दामन

गांधीनगर,                           कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सात मार्च को दाहोद जिले के झालोद से गुजरात में प्रवेश करने से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। गुजरात कांग्रेस पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पोरबंदर से विधायक अर्जुन मोढवाडिया ने आज भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा की गुजरात इकाई प्रमुख सी आर पाटिल ने उन्हें भाजपा की टोपी और पट्टा देकर पार्टी में शामिल किया। उन्होंने सोमवार (04 फरवरी) को कांग्रेस से इस्तीफा दिया था।

वो गांधीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए भाजपा में शामिल हुए। राजुला के पूर्व विधायक अंबरीश डेर भी भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने भी कल (4 फरवरी) कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। ये सभी नेता आज गांधीनगर के भाजपा दफ्तर ‘कमलकम’ में औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए। मोढवाडिया और डेर ने अयोध्या में जनवरी में आयोजित भगवान राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह का “बहिष्कार” करने के पार्टी के फैसले पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सोमवार को इस्तीफा दे दिया था। दोनों नेताओं ने गुजरात में राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा के निर्धारित प्रवेश से ठीक तीन दिन पहले कांग्रेस छोड़ने के अपने फैसले की घोषणा की। गुजरात में सबसे वरिष्ठ और सबसे प्रभावशाली विपक्षी नेताओं में से एक मोढवाडिया (67) लगभग 40 वर्षों तक कांग्रेस से जुड़े रहे। उन्होंने विपक्ष के नेता और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया।

कांग्रेस से इस्तीफे के बाद अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि जब कोई पार्टी जनता से अपना जुड़ाव खो देती है तो वह ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाती। देश की जनता चाहती थी कि राम मंदिर का निर्माण हो। कांग्रेस ने भी तय किया था कि सुप्रीम कोर्ट से संवैधानिक फैसला आने के बाद हम इसका समर्थन करेंगे। फिर भी प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण अस्वीकार कर दिया गया।

अर्जुन ने कहा कि मैंने तब भी आवाज उठाई थी कि इससे जनता की भावना आहत होगी और हमें ऐसे राजनीतिक फैसले नहीं लेने चाहिए और उस फैसले से लोगों के साथ जुड़ाव की कमी का पता चलता है। मैंने कई अन्य मामलों में भी अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। आखिरकार, मैंने आज इस्तीफा देने का फैसला किया।

अंबरीश डेर ने कहा कि भाजपा ने देश में उन मुद्दों को हल करने के लिए काम किया जो वर्षों से लंबित थे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर लोगों को गुमराह करने और अयोध्या में राम मंदिर को लेकर चौंकाने वाले बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मैं यहां राजनीति में कुछ करने के लिए आया हूं। मैं एक ऐसी पार्टी का राजनीतिक मंच पाने के लिए भाजपा में शामिल हुआ हूं जो प्रभावी ढंग से काम कर रही है।” इन दोनों नेताओं को भाजपा में शामिल करने के बाद पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का सर्वोच्च राष्ट्र बनेगा और इस प्रयास में योगदान देने के लिए ये नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सात मार्च को दाहोद जिले के झालोद से गुजरात में प्रवेश करेगी। चार दिन में 400 किमी की यात्रा के दौरान राज्य में सभा रैली व जनसंपर्क स्थापित किया जाएगा। राहुल गांधी बारडोली स्वराज आश्रम जाएंगे इसकी स्थापना सरदार पटेल ने की थी।दांडी मार्च के बाद महात्मा गांधी जी लंबे समय तक इस आश्रम में रहे थे।

इससे पहले चिराग पटेल और सी जे चावड़ा ने क्रमशः दिसंबर और जनवरी में इस्तीफा दिया था। डेर ने 2017 से 2022 तक कांग्रेस विधायक के रूप में अमरेली जिले की राजुला विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 2017 के चुनाव में राज्य के मंत्री परषोत्तम सोलंकी के छोटे भाई और भाजपा के वरिष्ठ नेता हीरा सोलंकी को हराया था। 2022 के गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले, डेर को कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष का प्रभार सौंपा गया था। चुनाव में चिर प्रतिद्वंद्वी हीरा सोलंकी से हारने के बावजूद वह पद पर बने रहे।

You May Also Like

error: ज्यादा चालाक मर्तबान ये बाबू कॉपी न होइए