ईडी ने आप विधायक अमानतुल्लाह खान को दस घंटे की पूछताछ के बाद किया गिरफ्तार

नई दिल्ली,                   प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आप विधायक अमानतुल्लाह खान को दस घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। विधायक को दिल्ली वक्फ बोर्ड नियुक्ति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के तहत गिरफ्तार है। विधायक सुबह 11 बजे ईडी के ऑफिस पहुंचे थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अमानतुल्लाह जांच एजेंसी के सामने पेश हुए थे।

ओखला के विधायक अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी के बाद उनके घर रात को समर्थकों की भीड़ जुट गई। आम आदमी पार्टी के बड़े नेता रात को उनके घर पहुंचे। आप नेता संजय सिंह, अतिशी और सौरव भारद्वाज सहित अन्य नेता अमानतुल्लाह के परिजनों से मिलने पहुंचे। आप नेता संजय सिंह ने कहा कि भाजपा हमारी पार्टी को तहस-नहस करने में लगी हुई है।

अमानतुल्लाह के परिजनों से मिलने के बाद संजय सिंह ने कहा कि यह सब साजिश के तहत किया गया है। भाजपा दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार को गिराना चाहती है। इसलिए विधायकों को तोड़ने की भी कोशिश की जा रही है। जिन आरोपों में ईडी ने अमानतुल्लाह को गिरफ्तार किया है, वह भी बुनियाद और निराधार हैं। भाजपा देश में तानाशाही के तहत काम कर रही है।

पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप और जंगपुरा से विधायक प्रवीण भी अमानतुल्लाह के घर पहुंचे।

ये भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने दिल्ली वक्फ बोर्ड के धन का दुरुपयोग किया है। दिल्ली वक्फ बोर्ड के तत्कालीन सीईओ ने इस तरह की अवैध भर्ती के खिलाफ बयान जारी किया था।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर अमानतुल्लाह खान बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे तुगलक रोड स्थित ईडी मुख्यालय पहुंचे, जहां उनसे 10 घंटे तक पूछताछ की गई।

अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी के बाद संजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया, मोदी सरकार ऑपरेशन लोटस पूरी तरह जुट गई है। मंत्रियों विधायकों पर फर्जी मामले बनाकर उनको गिरफ्तार किया जा रहा है। अमानतुल्लाह खान के खिलाफ बेबुनियाद मामला बनाकर ईडी द्वारा उनको गिरफ्तारर करने की तैयारी की जा रही है। तानाशाही का अंत जल्द होगा। मैं उनके परिवार से मिलने जा रहा हूं।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, अमानतुल्लाह खान ने केवल आर्थिक भ्रष्टाचार ही नहीं किया, बल्कि धार्मिक वक्फ की संपत्ति एवं फंड में गोलमाल कर साधारण मुस्लिम जनों को भी धोखा दिया है। एक लंबी जांच के बाद विधायक अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी से न्याय का तकाजा पूरा हुआ है।

अमानतुल्लाह खान ने वक्फ बोर्ड में नौकरी देने के लिए पैसे लेने से लेकर साधारण मुस्लिम जनों की अमानत वक्फ बोर्ड की किरायेदारी या कब्जेदारी बदलने के नाम पर भी करोड़ों का गबन किया है, जिसके लिए देश का कानून और मुस्लिम समाज दोनों कभी उन्हें माफ नहीं करेंगे।

इस मामल में एंटी करप्शन ब्यूरो ने सितंबर 2022 में अमानतुल्लाह से पूछताछ की। इसी के आधार पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने चार जगहों पर छापे मारे। करीब 24 लाख रुपये कैश बरामद किया गया। इसके अलावा, दो अवैध और बिना लाइसेंस की पिस्टल मिली थीं। कारतूस और गोला-बारूद भी बरामद किया था। बाद में अमानतुल्लाह को गिरफ्तार कर किया गया था। उनके खिलाफ सुबूतों और आपत्तिजनक सामग्री के आधार पर गिरफ्तारी की गई थी। बाद में उन्हें उन्हें 28 दिसंबर 2022 को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

You May Also Like

error: ज्यादा चालाक मर्तबान ये बाबू कॉपी न होइए