काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे पवन सिंह

पटना,                  भोजपुरी फिल्म अभिनेता पवन सिंह ने काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। पवन सिंह ने खुद एक्स पर इसकी जानकारी दी। हालांकि पवन सिंह ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे या किसी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। काराकाट लोकसभा में एक जून को वोटिंग होनी है।

पवन सिंह ने एक्स पर लिखा- “माता गुरुतरा भूमेरू” अर्थात माता इस भूमि से कहीं अधिक भारी होती हैं और मैंने अपनी मां से वादा किया था की मैं इस बार चुनाव लड़ूंगा। मैंने निश्चय किया है कि मैं 2024 का लोकसभा चुनाव काराकाट, बिहार से लड़ूंगा। जय माता दी”।

बीते दिनों पवन सिंह का एक वीडियो खूब वायरल हुआ। जिसमें वे कह रहे थे कि चुनाव तो वे लड़ेंगे, लेकिन कब, कहां, कैसे और किस पार्टी से लड़ना है, यह बाद की बातें हैं।

एनडीए में काराकाट लोकसभा सीट उपेंद्र कुशवाहा के हिस्से में गयी है। माना जा रहा है कि खुद उपेंद्र कुशवाहा यहां से चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसे में भाजपा सदस्य रहे पवन सिंह का यहां से चुनाव लड़ने का फैसला एनडीए के लिए बड़े झटके की तरह है। माना जा रहा है कि पवन सिंह चुनाव लड़ने के लिए भाजपा की सदस्यता छोड़ सकते हैं।

पवन सिंह को भाजपा ने आसनसोल से टिकट दिया था। जहां चुनाव लड़ने से पवन सिंह ने इनकार कर दिया था। ऐसे में आज भाजपा ने यहां डा. एसएस आहूलुवालिया को टिकट देने की घोषणा कर दी है। दूसरी तरफ पवन सिंह ने भी कुछ दिन पहले ही यह कहा था कि वह चुनाव लड़ेंगे।

बता दें कि काराकाट लोकसभा सीट इस समय जदयू के खाते में है। यहां से 2019 के लोकसभा चुनाव में महाबली सिंह चुनाव जीते थे। उन्हें 3,98,408 वोट मिले। जबकि रालोमो (राष्ट्रीय लोक मोर्चा) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को 3,13,866 मत हासिल हुए थे। वहीं, बीएसपी के राज नारायण तिवारी को 21,715 वोटों से संतोष करना पड़ा था।

 

You May Also Like

error: ज्यादा चालाक मर्तबान ये बाबू कॉपी न होइए